बड़ौत में शादी समारोह से लौट रहे परिवार से हार लूटने वाला बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बड़ौत में शादी समारोह से लौट रहे परिवार से हार लूटने वाला बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बड़ौत । उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में शादी समारोह से लौट रहे मेरठ के एक परिवार पर हमला कर सोने का हार लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात में शामिल एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब रहा।

पकड़े गए आरोपी की पहचान गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी सुरेंद्रपाल पुत्र कांति प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ गाजियाबाद, मेरठ और बागपत समेत अलग-अलग जिलों में करीब 30 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से एक तमंचा, चोरी की मोटरसाइकिल और लूटा गया सोने का हार बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात सुरेंद्रपाल अपने साथी अमजद के साथ बड़ौत क्षेत्र में घूम रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने दोनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुरेंद्रपाल घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से पकड़कर अस्पताल पहुंचाया, जबकि अमजद फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

दरअसल, शनिवार देर रात मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी विक्रांत गौतम अपनी पत्नी सावित्री गौतम और बेटे देवेंद्र प्रताप सिंह के साथ रॉयल स्टेप विवाह मंडप में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब परिवार वापस लौट रहा था, तभी मंडप के बाहर दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और सावित्री गौतम के गले से सोने का हार छीन लिया। घटना के दौरान शोर मचने पर आसपास मौजूद लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया था, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया था।

इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए थे। वारदात वाली जगह से क्षेत्राधिकारी कार्यालय की दूरी करीब 100 मीटर बताई जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और फरार साथी अमजद के बारे में जानकारी जुटा रही है।

सीओ अंशु जैन के मुताबिक, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। घायल बदमाश के उपचार के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

You may have missed